बी.एड.-डी.एल.एड. (दूरवर्ती) प्रवेश 2026-27: ऑनलाइन आवेदन शुरू
रायपुर: सत्र 2026–27 के लिए द्विवर्षीय बी.एड. एवं डी.एल.एड. (दूरवर्ती) पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु प्री-बी.एड. एवं प्री-डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से शुरू होकर 12 जून 2026 (रात्रि 12 बजे तक) चलेगी। अभ्यर्थी 13 से 15 जून 2026 के बीच 100 रुपये शुल्क के साथ अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे।
प्रवेश पत्र 23 जून 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि प्रवेश परीक्षा 28 जून 2026 (संभावित) को आयोजित होगी।
परीक्षा के बाद 29 जून 2026 को मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे, जिन पर अभ्यर्थी 29 जून से 03 जुलाई 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। अनंतिम परिणाम 10 जुलाई 2026 (संभावित) को घोषित होगा, जिस पर 10 से 12 जुलाई 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी। सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम मेरिट सूची 21 जुलाई 2026 (संभावित) को जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें तथा फॉर्म में सही जानकारी भरें। यह आवेदन पत्र ही काउंसलिंग पंजीयन के लिए मान्य होगा, इसलिए अलग से काउंसलिंग फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
दावा-आपत्ति केवल निर्धारित तिथि के भीतर edu.pssou@gmail.com ईमेल के माध्यम से स्वीकार की जाएगी। अभ्यर्थियों को नवीनतम अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pssou.ac.in एवं www.pssou.net/portal का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है।


















