बलौदाबाजार धान खरीदी अभियान का शानदार आगाज : पहले दिन 3 हजार किसानों ने बेचा 61 हजार क्विंटल धान

भुगतान के लिए सहकारी बैंक को मिली राशि, किसानों में उत्साह

सुखसागर/बलौदाबाजार : राज्य सरकार के दो महीने की धान खरीदी महाअभियान की आज से शानदार शुरूआत हुई। अभियान के पहले दिन जिले के 2 हजार 955 किसानों से 61 हजार 121 क्विंटल की धान खरीदी की गई। खरीदे गये धान का मूल्य लगभग साढ़े 11 करोड़ रूपये का है। धान खरीदी केन्द्रों में जिला प्रशासन की ओर से किसानों के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी। सुगमता से अपने गाढ़े मेहनत की कमाई का वाजिब दाम पाकर किसानों में खासा उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने खरीदी केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा भी लिया।

जिले की 173 खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी की गई। इसमें 22 नये उपार्जन केन्द्र भी शामिल हैं। धान बेचने के लिए किसानों में खासा उत्साह देखा गया। किसान सवेरे से अपनी बैलगाड़ी अथवा ट्रेक्टर में धान लादकर खरीदी केन्द्र पहुंच गये। फिलहाल छोटे किसानों को प्राथमिकता से धान बेचने का मौका दिया गया है। ढाई एकड़ तक के कई किसान परिवार समेत धान बेचने आये थे। बलौदाबाजार के सलौनी केन्द्र में पहली दफा खरीदी केन्द्र बनने से किसान काफी खुश दिखाई दिए। एक दशक की उनकी लगातार मांग पूरी हुई और आखिरकार उन्हें अपने गांव में ही धान बेचने का मौका मिला। सरपंच श्री राजेश नेताम ने बताया कि इसके पहले किसानों को 8 किलोमीटर दूर उबड़-खाबड़ रास्ते तयकर धान बेचने करमदा जाना पड़ता था। सलौनी और भाटागांव को मिलाकर अलग से उपार्जन केन्द्र बनाया गया है। 328 किसानों का 37 हजार कट्टा धान इस उपार्जन केन्द्र में धान बेचेंगे। एक एकड खेत के मालिक अमरसिंह यादव ने बताया कि वे 42 कट्टा धान बेचने पहुंचे है। उन्होंने कहा कि एक ही बार में मेरा पूरा धान बिक गया। गांव में ही खरीदी केन्द्र खुल जाने से बाहर जाने का किराया-भाड़ा भी बच गया। आस-पास के इलाके में सरना और महामाया प्रजाति के धान की ज्यादा खेती होती है। महिला किसान भूरीबाई भी अपने पति के साथ बेचने आई थी। उन्होंने अपने ढाई एकड़ खेत की 60 पाकिट धान बेची। नये खरीदी केन्द्र में 14 किसानों का 972 कट्टा धान आज खरीदा गया।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »