बारिश के दिनों में फंगल इंफेक्शन से रहे सावधान, जानिए जरूरी हाइजीन टिप्स

Monsoon Fungal Infection Prevention: मानसून में नमी बढ़ने की वजह से फंगल इंफेक्शन, खासकर पैरों में, आम समस्या बन जाती है। लगातार गीले मोज़े या जूते पहनने, कीचड़ या गंदे पानी में चलने से यह इंफेक्शन जल्दी फैलता है. लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान सेल्फ-केयर टिप्स और हाइजीन हैबिट्स अपनाकर आप इससे बच सकते हैं। आइए जानते हैं बारिश के मौसम में फंगल इंफेक्शन से बचाव के लिए जरूरी टिप्स।

1. पैरों को सूखा और साफ रखें

दिन में एक-दो बार पैरों को साबुन और गर्म पानी से धोकर अच्छी तरह पोंछें. खासकर उंगलियों के बीच की त्वचा को पूरी तरह सूखा रखना बहुत जरूरी है।

2. सूती मोज़े और सांस लेने वाले जूते पहनें

सिंथेटिक या टाइट मोज़ों से बचें. सूती मोज़े पसीना सोखते हैं और पैरों को सूखा रखते हैं. कोशिश करें कि जूते वॉटरप्रूफ और वेंटिलेटेड हों।

3. गीले मोज़े या जूते दोबारा न पहनें

गीले फुटवियर में फंगल इंफेक्शन पनपने की संभावना बहुत अधिक होती है। अगर जूते गीले हो जाएं तो उन्हें अच्छी तरह सूखने दें या उनके विकल्प के रूप में अतिरिक्त जूते रखें।

4. एंटी-फंगल पाउडर या क्रीम का इस्तेमाल करें

नमी वाले हिस्सों में रोज़ एंटी-फंगल पाउडर (जैसे क्लोट्रिमाज़ोल या टाल्कम बेस्ड पाउडर) लगाएं. शुरुआती लक्षणों पर तुरंत डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेकर क्रीम या मेडिकेटेड पाउडर लगाएं।

5. पेडीक्योर करते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें

अगर घर पर पेडीक्योर कर रहे हैं तो टब और टूल्स को सैनिटाइज करें. सैलून में पेडीक्योर करवाते समय हाइजीन स्टैंडर्ड ज़रूर चेक करें।

6. पब्लिक जगहों पर नंगे पैर न चलें

स्विमिंग पूल, जिम शॉवर या चेंजिंग रूम जैसी जगहों पर हमेशा फ्लिप-फ्लॉप या चप्पल पहनें।

अगर इंफेक्शन हो गया है तो

  1. खुजली, जलन, रेडनेस या पपड़ी जमना दिखे तो लापरवाही न करें।
  2. 3–5 दिन में सुधार न हो तो डॉक्टर से संपर्क करें।
  3. फंगल इंफेक्शन का अधूरा इलाज करने से यह बार-बार लौट सकता है।

यह लेख कई स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों से लिया गया है, बिना डॉक्टर की सलाह के इन टिप्स को न अपनाएं

Show More

Related Articles

Back to top button
Translate »