Google भारत में HP के साथ मिलकर बनाएगा लैपटॉप

नई दिल्ली: पर्सनल कंप्यूटर और लैपटॉप जैसी डिवाइस बनाने वाली कंपनी एचपी ने टेक कंपनी अल्फाबेट के गूगल के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां भारत में क्रोमबुक लैपटॉप बनाएंगी। इन लैपटॉप का निर्माण तमिलनाडु में चेन्नई के पास एचपी की फैक्ट्री में किया जाएगा। कंपनी इस फैक्ट्री में लगभग 2020 से डेस्कटॉप और लैपटॉप का निर्माण कर रही है।

इस कदम से गूगल को भारत में आपूर्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही यह Dell और Asus जैसी टेक कंपनियों के Windows कंप्यूटर से प्रतिस्पर्धा करने में भी मदद करेगा। कंपनी के मुताबिक ये लैपटॉप छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए जाएंगे।

भारत में बनने वाले पहले क्रोमबुक लैपटॉप

अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई ने सोमवार को X (पहले ट्विटर) पोस्ट में कहा, हम भारत में क्रोमबुक बनाने के लिए HP के साथ पार्टनरशिप कर रहे हैं- ये भारत में बनने वाले पहले क्रोमबुक हैं और इससे भारतीय स्टूडेंट्स के लिए सस्ते और सेफ कंप्यूटिंग तक पहुंच आसान हो जाएगा।

मेक इन इंडिया को बढ़ावा मिलेगा

एचपी और गूगल की यह साझेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2 अरब डॉलर की प्रोत्साहन योजना (मेक इन इंडिया) की एक और जीत है, जिसके तहत तकनीकी दिग्गज भारत में अपना उत्पादन शुरू करेंगे। भारत अपने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार कर रहा है, क्योंकि अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते तनाव के बीच कंपनियां चीन के बाहर उत्पादन विकल्प तलाश रही हैं।

सैमसंग भी भारत में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनी के स्मार्टफोन का उत्पादन पहले से ही देश में किया जा रहा है। सैमसंग अगले महीने से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित अपनी फैक्ट्री में लैपटॉप भी बना सकता है। इससे केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया योजना को बढ़ावा मिलेगा।

पिछली तिमाही में कंप्यूटर बाज़ार में 15% की गिरावट आई

आईडीसी के मुताबिक, भारत के पर्सनल कंप्यूटर बाजार में जून तिमाही में 15% की गिरावट देखी गई। एचपी 31% बाजार हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है, इसके बाद लेनोवो ग्रुप लिमिटेड दूसरे और डेल तीसरे स्थान पर है।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »