सरकार का बड़ा अपडेट: जीवन प्रमाण जमा करने की आखिरी डेडलाइन 30 नवंबर

नई दिल्ली/सूत्र : पेंशनभोगियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार द्वारा चलाया जा रहा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। यदि आपने अभी तक अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया, तो 30 नवंबर से पहले यह काम पूरा कर लें। सरकार पेंशनरों को घर बैठे, स्मार्टफोन और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दे रही है। जिन पेंशनर्स को ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत हो रही है, उनके लिए देशभर के बैंकों, डाकघरों और सरकारी विभागों द्वारा विशेष कैंपों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
रिकॉर्ड सफलता: 1 नवंबर से अब तक जारी हुए 1 करोड़ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष DLC कैंपेन 4.0 ने रिकॉर्ड बनाया है।
1 से 30 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में —
- 2,000 शहरों और
- 2,540 स्थानों पर
अब तक 35,000 से अधिक कैंप लगाए जा चुके हैं। महीने के अंत तक 75,000 अतिरिक्त कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी बुजुर्ग पेंशनर को कोई परेशानी न हो।
घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन से मिली सबसे बड़ी राहत
1 से 12 नवंबर के बीच जारी 1 करोड़ DLC में से:
- 58% (करीब 59 लाख) सिर्फ फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए जारी किए गए।
- 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 7 लाख पेंशनर्स के लाइफ सर्टिफिकेट भी आसानी से तैयार किए गए।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल एम्पावरमेंट विजन को मजबूत करती है। अब पेंशनर्स को लंबी लाइनों में खड़े रहने की जरूरत नहीं है। बायोमैट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक से यह प्रक्रिया अब मिनटों में पूरी हो जाती है।
लक्ष्य: इस साल 2 करोड़ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा
सरकार का लक्ष्य है कि इस वर्ष 2 करोड़ से अधिक लाइफ सर्टिफिकेट डिजिटल माध्यम से जमा हों, ताकि पेंशन वितरण प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और सरल बने।



