राज्य स्तरीय आवास मेला–2025 में बंपर बुकिंग, 3 दिनों में 879 आवास हुए रिज़र्व

रायपुर : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला–2025 नागरिकों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं रहा। मेले की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की, जिन्होंने कहा कि राज्यभर की विविध आवासीय योजनाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराना हाउसिंग बोर्ड का ऐतिहासिक कदम है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में वे “आवास वाले बाबा” के रूप में जाने जाएंगे।

एक वर्ष में रिकॉर्ड बिक्री: आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि शासन की नई नीतियों के चलते हाउसिंग बोर्ड ने सिर्फ एक वर्ष में 700 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचकर नया इतिहास रचा है। नई नीति के तहत परियोजनाएं तभी शुरू होंगी जब तीन माह में 10% बुकिंग या 60% एकमुश्त बुकिंग प्राप्त होगी।

पहले दिन से ही उमड़ी भीड़

मेले में विभिन्न जिलों के किफायती और प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट्स की जानकारी लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। 1% राशि पर बुकिंग, तत्काल बैंक लोन, और प्रतिदिन लकी ड्रॉ मेले की प्रमुख आकर्षण रहे, जिनके चलते बुकिंग के रिकॉर्ड टूट गए।

तीन दिन में 879 आवासों की बंपर बुकिंग

मेले के तीन दिनों में कुल 188 करोड़ रुपये के 879 आवासों की ऑन-द-स्पॉट बुकिंग हुई, जो हाउसिंग बोर्ड की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। 25 नवंबर को मेला अपने चरम पर पहुँच गया और रायगढ़, जशपुर, कोरबा, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर जैसे जिलों में स्थित प्रोजेक्ट्स में भारी बुकिंग दर्ज की गई। रायपुर और नवा रायपुर के प्रमुख प्रोजेक्ट—कबीर नगर, भुरकोनी, बोरियाकला, पिरदा, सेजबहार, नरदहा और अटल नगर सेक्टर-12 फेस-2—में भी जनता ने उत्साहपूर्वक बुकिंग कराई।

समापन समारोह में कृषि मंत्री ने की सराहना

समापन दिवस पर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड का यह प्रयास नागरिकों के सपनों को घर देने का प्रभावी माध्यम बन गया है। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय परियोजनाएं राज्य में आवास विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि 26 नवंबर को भी मेला स्थल पर स्पॉट बुकिंग जारी रहेगी और अब 30 नवंबर तक 1% बुकिंग ऑफर बढ़ा दिया गया है।

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी पारदर्शिता

हाउसिंग बोर्ड आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि आवंटी पोर्टल और चैटबॉट सेवाएं प्रक्रियाओं को और सरल और पारदर्शी बनाएंगी। आने वाले तीन वर्षों में 26 जिलों में 55 नई परियोजनाएं पूरी की जाएंगी।

लकी ड्रॉ में शानदार इनाम

मेले में प्रतिदिन टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर–ग्राइंडर जैसे उपहार विजेताओं को दिए गए।
बंपर पुरस्कार में मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन बाइक, और होंडा एक्टिवा शामिल रहे।

पहले दिन 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ

पहले दिन ही प्रदेश के 22 जिलों में 2060 करोड़ रुपये की 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ, आवंटी पोर्टल व व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च और लाभार्थियों को चाबियाँ व फ्रीहोल्ड सर्टिफिकेट वितरित किए गए, जिससे मेला खास बन गया।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »