भूतेश्वरनाथ में स्वच्छता अभियान और तिरंगा रैली: हर घर तिरंगा के तहत देशभक्ति का संदेश

गरियाबंद: गरियाबंद में हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम चरण में भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, उप संचालक पंचायत एस.के नागेश, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, सरपंच अनसुईया ध्रुव सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

स्वच्छता के साथ देशभक्ति का संदेश
अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आस-पास की जगहों की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और उसका उचित निष्पादन किया गया। लोगों को हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव थीम का महत्व बताया गया और तिरंगा रैली निकालकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

नशा मुक्त भारत अभियान भी हुआ शामिल
कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जन-जागरूकता फैलाई गई। इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी और यह इस वर्ष अपने 5 वर्ष पूर्ण कर रहा है।
संकल्प और शपथ
जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर ने लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण, प्लास्टिक का उपयोग न करने और नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया। नशा पीड़ितों को पुनर्वास और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत और नगर पालिका सदस्य, स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



