CMHO ने जारी की एडवाइजरी, ग्रामीणों को डिहाइड्रेशन से बचने की चेतावनी; स्वास्थ्य केंद्रों में ORS व दवाओं की व्यवस्था के निर्देश

गरियाबंद: जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव के बीच ‘लू’ का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. यू.एस. नवरत्न ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में लोग जंगलों की ओर जा रहे हैं। इस दौरान पर्याप्त पानी और पेय पदार्थ साथ न रखने के कारण कई लोग निर्जलीकरण का शिकार हो रहे हैं, जो गंभीर स्थिति में जानलेवा भी साबित हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल, सामुदायिक, प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखते हुए आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं और ORS की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मितानिनों और मैदानी स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग ने लू के लक्षणों में तेज सिरदर्द, बुखार, चक्कर, उल्टी, अत्यधिक प्यास और पसीना न आना जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी है। बचाव के लिए अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने, सिर को ढककर रखने, अधिक मात्रा में पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक 104 आरोग्य सेवा केंद्र पर निःशुल्क परामर्श ले सकते हैं। गंभीर स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचने की अपील की गई है।


















