भक्ति और सेवा का संगम: भूतेश्वर नाथ मंदिर में कुटुंब सत्संग एवं सुदर्शन समिति ने श्रद्धालुओं को कराया प्रसाद ग्रहण

गरियाबंद : कुटुंब साप्ताहिक सत्संग एवं श्री सुदर्शन जन सेवा समिति, गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को विश्व प्रसिद्ध श्री भूतेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में भव्य प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन के दौरान दर्शन के लिए पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप केले बांटे गए।

समिति द्वारा चलाए गए इस सेवा कार्य के तहत लगभग 15 कैरेट केले श्रद्धालुओं के बीच वितरित किए गए। समिति के सदस्यों ने कतारबद्ध होकर भक्तों को प्रसाद प्रदान किया और समाज में सेवा भावना तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
धार्मिक आयोजनों के साथ सेवा ही मुख्य उद्देश्य
कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक गतिविधियों के साथ जनसेवा और सामाजिक सरोकार के कार्यों को जोड़ना संस्था का प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने संकल्प जताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा और जनहित के कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
ये सदस्य रहे उपस्थित
प्रसाद वितरण के इस पावन अवसर पर श्री सुदर्शन जन सेवा समिति के कोषाध्यक्ष सदानन्द सर्वांकर, सचिव डिगेश्वर साहू, नगर कुटुंब प्रबंधन के संयोजक टेकराम नायक सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय सदस्य उपस्थित रहे।












