प्रयोगशाला परिचारक भर्ती 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी, 430 अभ्यर्थी चयनित

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बहुप्रतीक्षित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने 430 पदों पर अंतिम चयन सूची जारी कर दी है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।

इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 4 अगस्त 2023 को हुई थी, जब रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बाद 5 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी किया गया, जिसमें कुल 1,28,685 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।

लिखित परीक्षा का आयोजन 3 अगस्त 2025 को किया गया, जिसमें 1,12,792 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा परिणाम 18 सितंबर 2025 को घोषित किया गया, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 8 दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक चली। इस दौरान 2106 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए पात्र पाया गया।

विभाग द्वारा 13 मार्च से 23 मार्च 2026 तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं, जिसमें कुल 53 अभ्यर्थियों ने आपत्तियां दर्ज कराईं। सभी आपत्तियों का निराकरण करते हुए 24 मार्च 2026 को अंतिम सूची तैयार की गई और 25 मार्च को इसे जारी कर दिया गया।

अंतिम चयन सूची के अनुसार कुल 430 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें विभिन्न वर्गों के साथ-साथ दिव्यांगजनों के लिए 30 पद आरक्षित रखे गए हैं, जिनमें 15 पद OL (वन लेग) और 15 पद HH (हियरिंग हैंडीकैप्ड) श्रेणी के लिए निर्धारित हैं।

चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात उन्हें प्रदेश के 285 शासकीय महाविद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार पदस्थ किया जाएगा। विभाग ने शीघ्र ही नियुक्ति आदेश जारी करने की बात कही है।

इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने से प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुले हैं और चयनित अभ्यर्थियों के बीच खुशी का माहौल है।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »