छत्तीसगढ़ में कर्मचारी चयन मंडल का गठन: तृतीय-चतुर्थ श्रेणी भर्ती अब होगी पारदर्शी और समयबद्ध

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा ने शुक्रवार, 20 मार्च को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक, 2026 को पारित कर राज्य की भर्ती प्रणाली में बड़ा संस्थागत सुधार किया है। इस कानून के तहत अब तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को एकीकृत, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की स्थापना की जाएगी।

विधानसभा में विधेयक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रणाली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भर्ती प्रक्रिया का सरल, सुव्यवस्थित और भरोसेमंद होना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में विभिन्न विभागों में 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। नई व्यवस्था के माध्यम से इन भर्तियों को अधिक संगठित और प्रभावी बनाया जाएगा। कर्मचारी चयन मंडल के गठन के बाद नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को समयबद्ध तैयारी करने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक अलग-अलग विभागों द्वारा अलग समय पर भर्तियां निकाले जाने से अभ्यर्थियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। समान योग्यता वाले पदों के लिए अलग-अलग आवेदन, परीक्षा और चयन प्रक्रियाएं समय और संसाधनों की अधिक मांग करती थीं। नई प्रणाली इन सभी जटिलताओं को समाप्त कर प्रक्रिया को सरल और एकरूप बनाएगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, कर्मचारी चयन मंडल राज्य के विभिन्न विभागों, वैधानिक निकायों, मंडलों, प्राधिकरणों और अन्य संस्थानों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया आयोजित करेगा। आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त चयन परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे अभ्यर्थियों को एक समान अवसर मिल सके।

मंडल की संरचना में एक अध्यक्ष और अधिकतम तीन सदस्य होंगे। इसके अतिरिक्त सचिव, परीक्षा नियंत्रक और अन्य आवश्यक अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मंडल को आवश्यकतानुसार बाहरी एजेंसियों की सेवाएं लेने का भी अधिकार होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि इस नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और दक्षता आएगी तथा योग्य अभ्यर्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर निष्पक्ष अवसर प्राप्त होंगे। यह कदम राज्य में एक मजबूत और विश्वसनीय भर्ती प्रणाली स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »