पराली प्रबंधन के लिए किसानों को ट्रैक्टर देगी सरकार, जानें क्या है ये ट्रैक्टर योजना
नई दिल्ली/सूत्र : धान की खेती के बाद पराली प्रबंधन किसानों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। अब सरकार पराली प्रबंधन के लिए कृषि उपकरणों पर सब्सिडी दे रही है। पंजाब सरकार ने अपने राज्य के किसानों को 1100 हाई एचपी ट्रैक्टर बांटने का फैसला किया है। ये ट्रैक्टर किफायती दरों पर किराए पर दिए जाएंगे। पंजाब सरकार का कहना है कि इन ट्रैक्टरों के इस्तेमाल से किसान पराली प्रबंधन आसानी से और कम समय में पूरा कर लेंगे। किसान पराली जलाते थे, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए सरकार के इस प्रयास से पराली जलाने की समस्या से भी निजात मिलेगी और वायु प्रदूषण से भी राहत मिलेगी।
अभी भी राज्य में किसानों के पास करीब 5 लाख ट्रैक्टर हैं। जिनमें से 60 फीसदी सुपर सीडर और हैप्पी सीडर जैसी मशीनें नहीं चलाते हैं। क्योंकि इनमें से ज्यादातर ट्रैक्टर 35 से 40 एचपी के हैं। जबकि पराली प्रबंधन के लिए जरूरी मशीनों में 50 से 60 एचपी के ट्रैक्टर होने चाहिए। इसके अलावा किसानों के पास पराली प्रबंधन के लिए ट्रैक्टर किराए पर लेने का भी विकल्प है। लेकिन यह विकल्प महंगा होने के कारण किसानों ने पराली जलाना ही सही विकल्प समझा। इसलिए पंजाब सरकार ने पराली प्रबंधन के लिए किसानों को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
कैसे सस्ते किराए पर ट्रैक्टर मिल सकते हैं?
इच्छुक किसान पंचायत समूहों, सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सस्ते दरों पर ट्रैक्टर किराए पर ले सकते हैं। इस योजना का लाभ केवल पंजाब राज्य के किसानों को मिलेगा। जो छोटे किसान हैं या जिन किसानों के पास पहले से ही छोटे ट्रैक्टर हैं।
पराली प्रबंधन के लिए सुपर सीडर और हैप्पी सीडर के माध्यम से आसानी से काम किया जा सकता है। दोनों तरीकों से पराली को बीज से आसानी से अलग किया जा सकता है। जिससे किसान आसानी से पराली का प्रबंधन कर सकेंगे।