गरियाबंद में 30 जून को इंडस्ट्री और बैंकर्स मीट का आयोजन: उद्योग, बैंकिंग और वित्तीय योजनाओं पर मिलेगा एक मंच से मार्गदर्शन
गरियाबंद : जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों (MSMEs) को बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं एवं वित्तीय सहायता की जानकारी देने एवं उद्योग क्षेत्र में आ रही चुनौतियों के समाधान हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, गरियाबंद के तत्वाधान में एक विशेष इंडस्ट्री और बैंकर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम सोमवार, 30 जून 2025 को प्रातः 11 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष, गरियाबंद में आयोजित होगा। बैठक में जिले के बैंक अधिकारी, उद्योगपति, MSME उद्यमी, चार्टेड एकाउंटेंट्स और संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं, ऋण सुविधाओं और उपलब्ध वित्तीय योजनाओं की जानकारी देना, साथ ही औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाएं, अनुदान, रियायतों एवं छूट की जानकारी भी देना है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े संभावित और वर्तमान उद्यमी योजना का लाभ उठा सकें।
उद्योग विभाग ने जिले के सभी वर्तमान और संभावित उद्यमियों, बैंक अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों को कार्यक्रम में भाग लेकर अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया है।


















