राजिम में 283 जोड़ों का सामूहिक विवाह: 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े भी बने जीवनसाथी, सरकार की योजना से नई शुरुआत

राजिम: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत राजिम के नवीन मेला मैदान (चौबेबांधा) में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 283 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजिम विधायक रोहित साहू ने की।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन समाज के लिए गर्व की बात है। इस आयोजन में राजिम विधानसभा के 94, बिंद्रानवागढ़ के 181 और कुरूद विधानसभा के 8 जोड़े शामिल रहे। विशेष रूप से 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ों का विवाह भी इसी मंच पर संपन्न हुआ, जो मुख्यधारा में उनकी नई और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक बना।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े 50 हजार रुपये का प्रावधान है, जिसमें 35 हजार रुपये वधु के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किए जाते हैं। इसके अलावा श्रृंगार सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी राशि खर्च की जाती है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ा सहारा मिलता है।

विधायक रोहित साहू ने योजना को सरकार की संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक बताते हुए कहा कि बढ़ते खर्च के दौर में यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। सामूहिक विवाह से सामाजिक समरसता और सादगी का संदेश भी मिलता है।

कलेक्टर बीएस उइके ने बताया कि पूरे प्रदेश में एक साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो रिकॉर्ड स्तर का आयोजन है। राजिम में 283 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया।

विशेष आकर्षण: आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ों का विवाह

कार्यक्रम की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े भी विवाह बंधन में बंधे। इन जोड़ों ने मुख्यधारा से जुड़कर नए जीवन की शुरुआत पर खुशी जताई और शासन की पुनर्वास व विवाह योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब वे सामान्य जीवन जीते हुए परिवार के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी अशोक पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »