श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ नर्मदेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा एवं महाशिवरात्रि महोत्सव
गरियाबंद: जिले के ग्राम पंचायत आमदी (शिक्षक नगर) में आयोजित श्री नर्मदेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव-2026 श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।

कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
समारोह का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। मंदिर प्रांगण से निकली इस यात्रा में ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्यों की मधुर ध्वनि के बीच सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा शिक्षक नगर से पुराना आमदी स्थित शीतला मंदिर तालाब तक पहुँची। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। तालाब के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरकर श्रद्धालु पुनः मंदिर प्रांगण लौटे।

नगर भ्रमण एवं विशेष पूजन से भक्तिमय हुआ वातावरण
आयोजन के प्रथम दिन भगवान शिव के परिवार की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
विधि-विधान से हुई प्राण प्रतिष्ठा
समारोह के मुख्य अवसर पर 15 फरवरी, रविवार को श्री नर्मदेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न की गई। महाशिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर शिवलिंग का अभिषेक, विशेष पूजन एवं श्रृंगार किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की पूर्णता के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गरियाबंद जिले सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्राम आमदी (शिक्षक नगर) में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने न केवल लोगों की आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश दिया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया।


















