उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी पर बारीकी से नजर रखें नोडल अधिकारी: कलेक्टर
सुखसागर/बलौदाबाजार : धान खरीदी कार्य में लगे 173 नोडल अधिकारियों का जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। कोरोना प्रोटोकाॅल का ध्यान रखते हुए दो-दो विकासखण्ड को मिलाकर तीन पालियों में प्रशिक्षण संपन्न हुआ। जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने खरीदी केन्द्रों में शुरू से लेकर अंत तक की तमाम प्रक्रिया की सटीक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों की संपूर्ण प्रक्रिया पर बारीकी से नजर रखना नोडल अधिकारियों का प्रमुख दायित्व है। यदि कही कोई विसंगति दिखी तो इसे तत्काल एसडीएम के माध्यम से जिला प्रशासन को सूचित करना है।
उन्होंने कहा कि धान बेचने के काम में वास्तविक किसानों को कोई दिक्क्त पेश नहीं आनी चाहिए। दलालों, बिचैलियों और गैर किसानों पर कड़ाई से निपटना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है। कलेक्टर श्री जैन ने प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि बारदाने की कमी बहुत जल्द दूर होगी। राज्य सरकार ने जूट के साथ प्लास्टिक के बारदानें के इस्तेमाल की अनुमति प्रदान कर दी है। अगले दो-चार दिनों में इसके पहुंच जाने की संभावना है। उन्होंने धान खरीदी के संबंध में नोडल अधिकारियों के ज्ञान का परीक्षण भी किया। और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं खाद्य शाखा की प्रभारी लवीना पाण्डेय, जिला खाद्य अधिकारी चित्रकांत धु्रव, उप पंजीयक श्री उमेश गुप्ता, सहकारी बैंक के नोडल अफसर श्री धनराज पुरबिया, डीएमओ श्री केशव कुमार कर्ष भी उपस्थित थे।