गरियाबंद दौरे पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, आज करेंगे कई विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज 3 मई 2026, रविवार को गरियाबंद जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे तथा कई सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
जारी प्रोटोकॉल के अनुसार, उपमुख्यमंत्री श्री साव सुबह 11:00 बजे नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से रवाना होंगे। वे सबसे पहले नगर पंचायत कोपरा पहुंचकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, कोपरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां नवीन निर्माण कार्यों के लोकार्पण सहित अन्य आयोजन संपन्न होंगे। दोपहर बाद श्री साव गरियाबंद बस स्टैंड से साहू छात्रावास पहुंचेंगे, जहां वे जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
दौरे के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री नालंदा परिसर, पीएम श्री स्कूल गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रमों के समापन के पश्चात वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।


















