पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना: ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, 35% तक अनुदान का लाभ
गरियाबंद : जिले में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत उद्यमियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह योजना स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक दीनबंधु ध्रुव ने बताया कि आवेदन के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पेन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पिछले 6 माह की बैंक पासबुक, मशीनरी का कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं उद्यम पंजीयन दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
योजना के तहत कुल परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये प्रति उद्यमी निर्धारित है। लाभार्थी को 10 प्रतिशत अंशदान स्वयं वहन करना होगा, जबकि शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत पोहा उद्योग, आचार एवं मसाला निर्माण, बेकरी उत्पाद, सेवईयां, नमकीन, पशु आहार, टमाटर सॉस, मक्का प्रोसेसिंग, बाजरा, कोदो, कुटकी, रागी आधारित उत्पाद, फल-फूल एवं सब्जी प्रसंस्करण, हर्बल उत्पाद तथा लघु वनोपज आधारित इकाइयों को शामिल किया गया है।
इच्छुक आवेदक योजना के अधिकृत पोर्टल https://pmfme.mofpi.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, गरियाबंद (संयुक्त जिला कार्यालय, कक्ष क्रमांक 92) में कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।


















