अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही छग सरकार

धमतरी/कारोबार संदेश: छत्तीसगढ़ में अवैध उत्खनन पर रोक लगाने में भूपेश सरकार नाकाम साबित हो चुकी है। यही वजह है कि तमाम नियम कानूनों को ताक पर रखकर मगरलोड ब्लॉक में रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। चाहे महानदी हो या पैरी नदी हो, दोनों ही नदियों का सीना छलनी कर के रेत माफियाओं द्वारा अवैध उत्खनन जारी है।

मगरलोड में महानदी और पैरीनदी से लगातार रेत का अवैध उत्खनन जारी है। रेत के अवैध उत्खनन पर सरकार रोक नहीं लगा पाई है। रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह बेखौफ होकर नदी से रेत का उत्खनन करने में जुटे हुए हैं। सरकार भले ही लाख दावे कर रही हो लेकिन जिले में रेत माफियाओं के सामने प्रशासन बेबस नजर आता है।

मगरलोड में सड़कों पर दौड़ते नजर आ जाएंगे रेत से भरे वाहन, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार राज्य में 10 जून से 15 अक्टूबर तक रेत के उत्खनन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद धमतरी जिले से गुजरने वाली महानदी और पैरी नदी से रेत का बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन प्रतिदिन किया जाता है।

नदी से भर कर लाए गए रेत से भरे वाहन धमतरी के मगरलोड,कुरुद और गरियाबंद जिले के पांडुका, राजिम की सड़कों पर आसानी से देखे जा सकते हैं। यह सब कुछ पुलिस और प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन इन पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है।

बीते कई सालों से नदी का सीना छलनी कर, रेत माफियाओं द्वारा रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जिले के थानों के सामने से अवैध रेत से भरे हुए ट्रक और डंपर गुजरते हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा इन ट्रक और डंपर पर कारवाई करने की जहमत नहीं उठाई जाती है।

मगरलोड ब्लॉक के कपाटपोड़ी, अमलीडीह, कुल्हाड़ीकोट, मेघा, गिरौद, सौंगा, खिसोरा, डूमरपानी, बुड़ेनी, भेंडरी, लाढेर, पाहन्दा एवं अन्य नदीघाटों में हो रहे रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने में सरकार नाकाम साबित हो रही है। रोजाना दर्जनों ट्राली रेत निकाली जा रही है। खनिज विभाग के उदासीन रवैये के चलते खनिज माफिया सक्रिय हैं। नदी में रोजाना अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर ट्राली से रेत ले जाई जा रही है। इससे राजस्व का चूना लग रहा है। इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को होने के बावजूद वे चुप्पी साधे हुए हैं।

शिकायतें होने पर प्रशासन द्वारा गिने चुने कुछ लोगों को पकड़ा जाता है। वहीं नाममात्र के लिए कार्रवाई की जाती है, लेकिन अवैध उत्खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई न करने से अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद है।

खनिज माफियाओं की राजनीतिक व प्रशासनिक अच्छी पकड़ है। इस कारण क्षेत्र मे अवैध उत्खनन कर राजस्व की चूना लगा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक अवैध उत्खनन करने वालों की अच्छी पकड़ है। कोई जनप्रतिनिधि की बताता है, तो प्रशासनिक अधिकारियों की आड़ में उत्खनन करने में जुटे हुए हैं।

कृषि विभाग से कृषि के नाम पर ट्रैक्टर खरीद कर माफिया खनन कार्य में ट्रैक्टर ट्राली का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। माफिया 24 घंटे अपना काम कर रहे हैं। चाहे दिन हो या रात नदियों में नजर आ रहे हैं।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »