जर्जर सड़क से मिलेगी राहत, राजिम-छुरा मार्ग बनेगा चौड़ा और मजबूत
गरियाबंद: जिले के बहुप्रतीक्षित राजिम-छुरा मुख्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। राज्य शासन ने इस महत्वपूर्ण सड़क के उन्नयन के लिए 145 करोड़ 62 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से लगभग 43.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय द्वारा मंगलवार को प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी परिपत्र जारी किया गया है। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री एवं निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधितों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि राजिम-छुरा मुख्य जिला मार्ग राजिम विधानसभा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क के उन्नयन से छुरा क्षेत्र सहित जतमई-घटारानी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग भी लंबे समय से की जा रही थी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप और मितव्ययिता के साथ पूरा करने तथा अनुबंधित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी और केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।
इस स्वीकृति से क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।












