गरियाबंद में हर्षोल्लास से हुआ राज्योत्सव समारोह का समापन

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का समापन आज स्थानीय गांधी मैदान में उत्साह और उल्लास के बीच गरिमामय ढंग से हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं।

मंच पर उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रिखीराम यादव मंचासीन थे।
समारोह में कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और नागरिक मौजूद रहे।
“राज्य निर्माण की रजत जयंती हमारे लिए गर्व का क्षण” — सांसद चौधरी
अपने उद्बोधन में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि “राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होना हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गौरव का क्षण है।” उन्होंने याद किया कि 1 नवम्बर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की ऐतिहासिक देन है, जिनकी दूरदृष्टि से आज प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की रजत जयंती मनाई जा रही है और “1 नवम्बर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के छत्तीसगढ़ आगमन से पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।”
उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँची है और जनता इन योजनाओं का लाभ ले रही है।
सांसद ने कहा — “आज जनता जागरूक है और मोदी जी के नेतृत्व में देश, प्रदेश और गाँव आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।”
अतिथियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने विभिन्न विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं, नवाचारों और उत्पादों की जानकारी ली तथा अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
सांसद चौधरी ने हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक वितरण भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के दो हितग्राहियों को आवास की चाबी भी सौंपी।
लोक संस्कृति और बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समापन समारोह को जीवंत बना दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, समूह नृत्य और छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं लोक कलाकारों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य और लोकगीतों से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को उजागर किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीत और आतिशबाजी के बीच हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।


















