शबरी मार्ट का मंत्री श्री लखमा ने किया शुभारंभ

मंत्री ने समूह की महिलाओं को दी शुभकामना व बधाई  किफायती दर पर मिलेंगे सामान

सुकमा : उद्योग एवं आबकारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत शक्ति महिला ग्राम संगठन रामाराम द्वारा सुकमा में शुरू की गई शबरी मार्ट का शुभारंभ फीता काटकर किया। शबरी मार्ट जिला मुख्यालय में कलेक्टर निवास के पास खोला गया है। इस अवसर पर मंत्री श्री लखमा ने समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं और बधाई दी। मंत्री ने समूह की महिलाओं से आत्मीय बातचीत की और मार्ट में उत्पादों का अवलोकन किया।

महिलाओं को जोड़ा जा रहा है आर्थिक गतिविधियों से- श्री लखमा

शबरी मार्ट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री श्री कवासी लखमा ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बिहान योजनांतर्गत जिले के अंदरूनी ग्रामीण महिलाओं का समूह बनवा कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोडा जा रहा है। जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। इसी कड़ी में आज शबरी मार्ट का शुभारंभ किया गया है। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने कहा कि समूह की महिलायें न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि ग्रामीण आदिवासी महिलाओं में भी सामाजिक बदलाव आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए छोटी-छोटी वित्तीय मदद देने से स्वसहायता समूह काफी कारगार साबित हो रहे हैं।

किफायती दर में मिलेंगे सामान

महिला समूह की महिलाओं ने बताया कि शबरी मार्ट में हमारे द्वारा तैयार किये गये विभिन्न उत्पाद जैसे शबरी मेडिमिक्स साबुन, शबरी इमली चस्का, शबरी मेडिमिक्स चारकोल साबुन, शबरी लेमन साबुन, शबरी रोज साबुन, शबरी पियर्स साबुन, शबरी मिर्च पाउडर, शबरी हल्दी पाउडर, शबरी धनिया पाउडर, शबरी फिनाईल, सेनेटरी पेड, दोना पत्तल, अंडा सहित जरूरत के विभिन्न वस्तुओं का विक्रय किफायती दर पर किया जायेगा। महिलाओं ने बताया कि पहले तैयार किये गये उत्पादों का विक्रय सरकारी कार्यालयों एवं हाट-बाजारों में किया जाता था। इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए ग्राहकों को एक स्थायी स्थान देने के लिए दुकान प्रारंभ किया गया है। वस्तुओं के आर्डर हेतु मोबाईल नम्बर 700461458 और 7067395016 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

        इस समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत सुकमा के अध्यक्ष श्री हरीश कवासी ने किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सुकमा के उपाध्यक्ष श्री बोड्डू राजा, जनपद पंचायत सुकमा के अध्यक्ष श्रीमती आयती कलमू, नगर पालिका सुकमा के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ साहू, जिला व जनपद पंचायत के सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शबरी मार्ट की तारीफ करते हुये समूह की महिलाओं की हौसला अफजाई की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नूतन कुमार कंवर के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी सहित महिला समूहों के सदस्य उपस्थित थे।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »