शिक्षा और रोजगार को एक साथ मजबूती: प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राज्य में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार देगी, बल्कि स्कूलों और महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को भी मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में अवसर देकर प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास से की गई मेहनत निश्चित रूप से सफलता दिलाती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित शिक्षक प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा देंगे। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


















