बीएसई के निवेशकों की संख्या 10 करोड़ के पार: एक साल में छत्तीसगढ़ में 77% इन्वेस्टर्स बढ़े

रायपुर : बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में पंजीकृत निवेशकों की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई है। ऐसा पहली बार हुआ है। पिछले 91 दिनों में एक करोड़ निवेशक बढ़े हैं। इसके साथ इसका मार्केट कैप 254 लाख करोड़ रुपये हो गया। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक 15 दिसंबर को इसके कुल पंजीकृत निवेशक 9 करोड़ थे, जो 16 मार्च को 10 करोड़ को पार कर गए। इससे पहले 85 दिन में एक करोड़ निवेशक बढ़े थे जो 8 से बढ़कर 9 करोड़ हो गए थे। पिछले दो साल में निवेशकों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है।

हालांकि, पिछले साल अक्टूबर में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप रिकॉर्ड 274 लाख करोड़ रुपये रहा था। बीएसई ने साल 2008 में पहली बार एक करोड़ निवेशकों का आंकड़ा पार किया था। बीएसई के एमडी ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। आंकड़ों के मुताबिक 14 साल में इसके निवेशकों की संख्या 10 गुना बढ़ी है। उनकी संख्या 2008 में एक करोड़ से बढ़कर 2022 में 10.08 करोड़ हो गई है। मणिपुर, मध्य प्रदेश, लक्षद्वीप, उड़ीसा, असम और अरुणाचल प्रदेश में निवेशकों की सबसे बड़ी संख्या देखी गई। यहां 100 से 300% की वृद्धि देखी गई।

फ़ाइल फोटो

असम में निवेशकों की संख्या में 286% की वृद्धि हुई है, जबकि पूरे देश में वार्षिक आधार पर उनकी संख्या में 58% की वृद्धि हुई है। सबसे ज्यादा निवेशक महाराष्ट्र में हैं, जिनकी संख्या 2.06 करोड़ है, जो कुल निवेशकों का करीब 21 फीसदी है। गुजरात 1.01 करोड़ के साथ दूसरे नंबर पर है। इसकी हिस्सेदारी 11 फीसदी है।

मध्य प्रदेश में कुल 46 लाख निवेशक हैं। पंजाब में 22 लाख, हरियाणा में 31.9, राजस्थान में 56.30, उत्तर प्रदेश में 85.43, दिल्ली में 48.66, छत्तीसगढ़ में 9.1 लाख, बिहार में 30.61 लाख और झारखंड में 15.41 लाख निवेशक हैं। फरवरी की तुलना में कुल निवेशकों में 31.82 लाख की वृद्धि हुई, जबकि सितंबर तिमाही की तुलना में दिसंबर तिमाही में 98.8 लाख निवेशक बढ़े।

मध्य प्रदेश में निवेशकों की संख्या में एक साल में 109 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि छत्तीसगढ़ में यह 77% और बिहार में 116% की वृद्धि हुई। राजस्थान में निवेशक 84.8% और उत्तर प्रदेश में 84% बढ़े। नए निवेशकों के साथ डीमैट खाता भी तेजी से बढ़ा है। पिछले तीन साल में इनकी संख्या दोगुनी हो गई है। बीएसई में कुल करीब 5 हजार कंपनियां लिस्टेड हैं।

हालांकि, पिछले साल लिस्टेड नए जमाने की ज्यादातर कंपनियों में निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। उनका मार्केट कैप 68% तक गिर गया है। इसमें नायका, जोमैटो, पॉलिसीबाजार, पेटीएम जैसी कंपनियां शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक सीडीएसएल पहली डिपॉजिटरी है जिसके पास 60 मिलियन डीमैट खाते हैं।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »