सिकासार जलाशय से इस वर्ष रबी फसल के लिए नहीं मिलेगा पानी

गरियाबंद : जिले के सिकासार जलाशय एवं अन्य लघु जलाशयों से इस वर्ष रबी फसल के लिए किसानों को सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। जलसंसाधन विभाग ने बताया है कि इस वर्ष जलाशयों से जुड़ी मुख्य एवं सहायक नहरों में निर्माण तथा आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे, जिसके चलते रबी सीजन में जलप्रदाय संभव नहीं होगा।
जलसंसाधन संभाग गरियाबंद के कार्यपालन अभियंता एस. के. बर्मन ने जानकारी देते हुए कहा कि नहर प्रणाली में मुख्य जलद्वार, स्टॉपलॉक, नहर लाइनिंग, नवीन पुलिया एवं पुल निर्माण, सहित मरम्मत एवं सफाई कार्य कराए जाने हैं। इसमें नहरों में जमी सिल्ट की सफाई, घास की निकासी, क्षतिग्रस्त लाइनिंग की मरम्मत, कुलाबा व गेट की मरम्मत जैसे कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नहरों की सुरक्षा और दीर्घायु बनाए रखने के लिए यह कार्य आवश्यक है। यदि वर्तमान में मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले वर्षों में नहरों की क्षमता घटने और क्षति बढ़ने की संभावना रहेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से सिकासार सहित अन्य जलाशयों से किसानों को रबी फसल के लिए नियमित रूप से जलप्रदाय किया जा रहा था। किंतु इस बार मरम्मत कार्यों के चलते यह व्यवस्था स्थगित रहेगी।
इंजीनियर बर्मन ने किसानों से अपील की है कि वे इस वर्ष उनहारी फसल की तैयारी करें, क्योंकि पैरी मुख्य नहर दाईं ओर स्थित पाण्डुका, कोपरा, राजिम और फिंगेश्वर क्षेत्र के सभी माइनरों में भी रबी सीजन में जलप्रदाय नहीं होगा।


















