प्रशासनिक समन्वय से युवाओं को मिलेंगे कौशल, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर, कलेक्टोरेट में पोस्टर का हुआ विमोचन

कारोबार संदेश / गरियाबंद। युवाओं के कौशल विकास, उद्यमिता और उन्हें विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से गरियाबंद जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ‘माई भारत’ (मेरा युवा भारत) जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी तथा समिति के अध्यक्ष बी.एस. उइके के दिशा-निर्देशों में संपन्न हुई।

बैठक में मुख्य रूप से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आगामी वित्तीय वर्ष की वार्षिक कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने युवाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए संयुक्त रणनीति पर सहमति व्यक्त की।
बहु-विभागीय समन्वय से बढ़ेगा पंजीयन
माई भारत पोर्टल के सहायक संचालक रमन पटेल ने जिले में चल रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा अन्य संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं का डिजिटल पंजीयन कराने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद अधिकारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने का आग्रह किया गया।
उद्योग, कौशल और रोजगार पर विशेष फोकस
बैठक में युवाओं को सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक, न्यायिक, औद्योगिक, तकनीकी और विकासात्मक संस्थानों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक दीनबंधु ध्रुव ने स्थानीय उद्योगों, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसरों से युवाओं को जोड़ने की आवश्यकता बताई। वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत विशेष लर्निंग प्रोग्राम, प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम संचालित करने की रूपरेखा तैयार की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रशासनिक प्रक्रियाओं, औद्योगिक कार्यप्रणाली और तकनीकी कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।
कई विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक दीनबंधु ध्रुव, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डी.पी. ठाकुर, माई भारत के सहायक संचालक रमन पटेल सहित शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण, कौशल विकास, स्काउट एंड गाइड, उच्च शिक्षा, लीड बैंक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेड क्रॉस सोसायटी, संस्कृति तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पोस्टर का हुआ विमोचन
बैठक के अंत में ‘माई भारत’ इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। इसका उद्देश्य जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ना तथा डिजिटल पंजीयन के प्रति जागरूक करना है।
जानिए: क्या है ‘माई भारत’ (MY Bharat)?
माई भारत (MY Bharat – Mera Yuva Bharat) भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जिसकी शुरुआत 31 अक्टूबर 2023 को की गई थी। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को एक साझा डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप सरकारी कार्यक्रमों, स्वयंसेवी गतिविधियों, कौशल विकास, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, रोजगार, उद्यमिता तथा सामुदायिक सेवा के अवसरों से जुड़ सकें।
माई भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत युवाओं को विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संगठनों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी और उनमें भाग लेने का अवसर मिलता है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और रोजगारपरक कौशल का विकास करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना है।


















