धान की अवैध परिवहन रोकने प्रशासन अलर्ट 4 वाहन सहित 466 बोरी धान जप्त
गरियाबंद : जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में दूसरे प्रदेश से धान की अवैध आवक रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मुस्तैदी के साथ अभी से कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर के निर्देश के परिपालन में देवभोग तहसील के ओडिसा सीमा में 13 धान चेकपोस्ट और छुरा तहसील बार्डर में 2 धान चेकपोस्ट बनाये गये है।
इन चेकपोस्ट में राजस्व, पुलिस, खाद्य, सहकारिता तथा मार्कफेड विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा ओडिसा प्रांत से धान के अवैध परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आज देवभोग अनुविभाग अंतर्गत 4 वाहन को धान के अवैध परिवहन में संलिप्त पाये जाने पर 466 बोरा धान सहित जप्त कर देवभोग थाना के सुपुर्द की गई है।
जिन वाहनों पर कार्यवाही की गई है, उसमें देवभोग निवासी मुकेश अग्रवाल वाहन क्रमांक-ओ.आर 24 बी 7101 जप्त धान 300 बोरा, निष्टीगुड़ा निवासी बुटीझाकर वाहन क्रमांक- सीजी 04 एमएम 2811 जप्त धान 56 बोरा, केन्दूवन निवासी निरंजन यादव वाहन क्रमांक – सीजी 23-0150 जप्त धान 50 बोरा और कुसुमजूर निवासी पूर्णचंद नाग वाहन क्रमांक सीजी 04 जेबी 5453 जप्त धान 60 बोरा शामिल है।
कलेक्टर के निर्देश पर आज अपर कलेक्टर श्री जे.आर. चौरसिया की अध्यक्षता में पुलिस, राजस्व, खाद्य, सहकारिता, मार्कफेड विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में दूसरे प्रांत के अवैध धान परिवहन रोकने रायसुमारी की गई। साथ ही धान के अवैध परिवहन में संलिप्त बिचौलियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने का निर्णय भी लिया गया।