सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दर 0.2% बढ़ी: अब 8.2%, तीन साल की टाइम डिपॉजिट पर भी 0.1% का फायदा
नई दिल्ली/सूत्र: सरकार ने शुक्रवार, 29 दिसंबर को जनवरी-मार्च 2024 तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों की घोषणा की। सुकन्या समृद्धि योजना में 0.20% और 3 साल की सावधि जमा दरों में 0.10% की वृद्धि हुई है। अन्य योजनाओं की दरों में बदलाव नहीं किया गया है।
इससे पहले 29 सितंबर को सरकार ने अक्टूबर-दिसंबर के लिए आरडी पर दरें 0.20 फीसदी बढ़ाई थीं। पहले सुकन्या योजना की ब्याज दर 8% और तीन साल की टाइम डिपॉजिट की ब्याज दर 7% थी. यह लगातार छठी तिमाही है जब इन योजनाओं की दरें बढ़ी हैं।
वित्त मंत्रालय ने लगातार नौ तिमाहियों से छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था। इसके बाद अक्टूबर-दिसंबर 2022 से इसमें बढ़ोतरी शुरू हो गई है।
22 जनवरी 2015 को लॉन्च हुई थी SSY योजना
सुकन्या समृद्धि योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के एक भाग के रूप में शुरू की गई थी। यह योजना बेटी की पढ़ाई और शादी के खर्च को पूरा करने के लिए है।
इस योजना के लिए बेटी की उम्र 10 साल से कम होनी चाहिए, एक बेटी के लिए केवल एक खाते की अनुमति है। एक परिवार केवल दो SSY खाते खोल सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना खाता बैंक या पोस्ट ऑफिस में जाकर ऑफलाइन खोला जा सकता है।
इसमें न्यूनतम निवेश 250 रूपए प्रति वर्ष है। अधिकतम निवेश 1,50,000 रूपए प्रति वर्ष है। परिपक्वता अवधि 21 वर्ष है, इसके लिए बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता या कानूनी अभिभावक की फोटो आईडी और पते का प्रमाण देना होगा।
ब्याज दरों का हर तिमाही में रिव्यू होता है
लघु बचत योजना की ब्याज दरों की हर तिमाही समीक्षा की जाती है। इनकी ब्याज दरें तय करने का फॉर्मूला श्यामला गोपीनाथ समिति ने दिया था। समिति ने सुझाव दिया था कि इन योजनाओं की ब्याज दरें समान परिपक्वता वाले सरकारी बांड की उपज से 0.25-1.00% अधिक होनी चाहिए।