ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा सोना, क्यों आ रही है तेजी? जानें वजह

रायपुर/सूत्र: सोने की कीमतों में तेजी जारी है। सोमवार 8 अप्रैल को यह फिर नए शिखर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर पहली बार सोने की कीमत 71,000 रुपये के पार पहुंच गई। शुरुआती कारोबार में यह करीब 400 रुपये बढ़कर 71057 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। विदेशी बाजार में भी सोना रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सवाल ये है कि सोने की कीमत में इतनी बढ़ोतरी की वजह क्या है? इसका एक कारण यह है कि कई देशों के केंद्रीय बैंक अपने भंडार में सोने का भंडार बढ़ा रहे हैं। इसमें आरबीआई और सेंट्रल बैंक ऑफ चाइना भी है। चीन के सेंट्रल बैंक ने फरवरी में 12 टन सोना खरीदा और यह सिलसिला मार्च में भी जारी रहा. पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना लगातार 17 महीनों से सोना खरीद रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की कीमत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के पीछे यह भी एक बड़ी वजह है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च में चीन के सेंट्रल बैंक के पास सोने का भंडार बढ़कर 72.74 मिलियन ट्रॉय औंस हो गया है। चीन का विदेशी मुद्रा भंडार नवंबर 2015 के बाद से रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। मार्च के अंत में यह 3.2457 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया। फरवरी की तुलना में इसमें 0.6 प्रतिशत और एक साल पहले की तुलना में 1.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दुनिया भर के केंद्रीय बैंक 2022 से अपने भंडार में सोने की मात्रा बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। 2022 में इन बैंकों ने पहली बार 1000 टन से ज्यादा सोना खरीदा था और फिर 2023 में भी लगभग इतना ही सोना खरीदा। फिलहाल केंद्रीय बैंकों के भंडार में 20 फीसदी से ज्यादा सोना मौजूद है।

बैंक सोना क्यों खरीद रहे हैं?

विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर की गिरती क्रय शक्ति से बचाने के लिए सोना सबसे अच्छा विकल्प है। ऐसा पिछले 110 सालों से होता आ रहा है और आगे भी होता रहेगा। जब मुद्रा और अर्थव्यवस्था खतरे में होती है तब भी केंद्रीय बैंक बड़े पैमाने पर सोना खरीदते हैं। अमेरिका, चीन और यूरोप के कई देशों में मंदी की आशंका है। खासकर चीन को आर्थिक मोर्चे पर कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वैसे, सोने के भंडार के मामले में अमेरिका पहले स्थान पर है। उनके खजाने में करीब 8,133 टन सोना है। इसके बाद जर्मनी, इटली, फ्रांस, रूस, चीन, स्विट्जरलैंड और भारत का नंबर है। आरबीआई ने इस साल करीब 13 टन सोना खरीदा है और उसके पास 817 टन सोना रिजर्व है।

Show More

KR. MAHI

CHIEF EDITOR KAROBAR SANDESH

Related Articles

Back to top button
Translate »