बिस्किट से लेकर प्लेन तक फैला है कारोबार, क्या आप जानते हैं 287 साल पुरानी इस भारतीय कंपनी के बारे में?
रायपुर : अगर कोई आपसे पूछे कि बताओ भारत की सबसे पुरानी कंपनी या बिजनेस ग्रुप कौन सा है तो संभव है कि आप टाटा या गोदरेज का नाम लेंगे लेकिन यह जवाब गलत है। आज हम आपको एक ऐसे बिजनेस ग्रुप के बारे में बताने जा रहे हैं जिसके उत्पाद 287 सालों से हमारे और आपके बीच मौजूद हैं और आज भी हम उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बिजनेस ग्रुप का कारोबार बिस्किट से लेकर प्लेन तक फैला हुआ है।
287 साल पुरानी भारत की सबसे पुरानी कंपनी वाडिया ग्रुप हैं। जी हां, जिस तरह पीपल के पेड़ की जड़ें जमीन के अंदर फैली होती हैं, उसी तरह इस वाडिया ग्रुप का कारोबार पूरे देश में फैला हुआ है। आपने कभी न कभी ब्रिटानिया बिस्कुट जरूर खाया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ब्रिटानिया की यह कंपनी वाडिया ग्रुप का हिस्सा है। आपको लगभग हर बड़े सेक्टर में वाडिया ग्रुप की कंपनी मिल जाएगी। तो चलिए वाडिया ग्रुप को डिकोड करते हैं।
वाडिया समूह की स्थापना 1736 में लोजी नुसरवानजी वाडिया ने की थी। वर्तमान में वाडिया ग्रुप के चेयरमैन नुस्ली वाडिया हैं। इस वाडिया ग्रुप का नेतृत्व फिलहाल नुस्ली वाडिया कर रहे हैं। इस ग्रुप का मुख्यालय मुंबई में है। वाडिया समूह एफएमसीजी, रियल एस्टेट, कपड़ा, रसायन और खाद्य प्रसंस्करण सहित कई विविध उद्योगों में मौजूद है।
वाडिया ग्रुप की चार कंपनियां स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हैं। इन चार कंपनियों के नाम हैं: ब्रिटानिया (एफएमसीजी में 120 साल पुरानी कंपनी जो निफ्टी 50 इंडेक्स में है), बॉम्बे बर्मा (चाय और अन्य व्यवसायों में 150 साल पुरानी कंपनी), बॉम्बे डाइंग (कपड़ा और रियल एस्टेट में 140 साल पुरानी कंपनी) ), और एनपीएल (हाइड्रोजन पेरोक्साइड के निर्माता)।
ब्रिटानिया भारत के अग्रणी एफएमसीजी सेक्टर में से एक है। ब्रिटानिया की स्थापना 120 साल पहले 1892 में कोलकाता में हुई थी। इसके उत्पाद बेकरी, डेयरी और स्नैकिंग श्रेणियों में शामिल हैं।
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ब्रिटानिया का कारोबार भारत समेत दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है। ब्रिटानिया के अध्यक्ष नुस्ली वाडिया हैं। आखिरी कारोबारी दिन 13 अक्टूबर को एनएसई पर ब्रिटानिया के शेयर 1.10 रुपये की बढ़त के साथ 4,561.85 रुपये पर बंद हुए। ब्रिटानिया कंपनी के कुछ मशहूर प्रोडक्ट्स की बात करें तो इनमें गुड डे मैरी गोल्ड, 50-50, जिम जैम, ब्रिटानिया चीज़ स्लाइस, केक और ब्रेड शामिल हैं।
चालू वित्त वर्ष 24 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए ब्रिटानिया की समेकित बिक्री 9 प्रतिशत बढ़कर 3,970 करोड़ रुपये थी। परिचालन से कंपनी का मुनाफा 37 फीसदी बढ़कर 618 करोड़ रुपये हो गया था। अगर नेट प्रॉफिट की बात करें तो पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 36 प्रतिशत बढ़कर 458 करोड़ रुपये रहा था।