Happy New Year 2024: भारत में आतिशबाजी के साथ नए साल का जश्न
रायपुर: Happy New Year 2024: भारत समेत दुनिया के कई देशों के लोगों ने आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया। पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा हुआ है। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लोग बड़े उत्साह के साथ नए साल का जश्न मना रहे हैं। वहीं इस मौके पर राष्ट्रपति भवन को भी सजाया गया है। राष्ट्रपति भवन रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ है।
नए साल की शुरुआत दुनिया भर में जश्न के साथ हुई, न्यूजीलैंड का ऑकलैंड पहला बड़ा शहर था जहां नए साल 2024 ने सबसे पहले दस्तक दी। नए साल के आगमन पर देश के सबसे ऊंचे टावर स्काई टावर पर हजारों लोगों ने जश्न मनाया और आतिशबाजी की. ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में हार्बर ब्रिज पर आतिशबाजी और लाइट शो देखने को मिला।
लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 2023 को अलविदा कहा
दुनिया के कई अन्य बड़े शहरों में भी लोगों ने आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 2023 को अलविदा कहा और नये साल का स्वागत किया। फ्रांस की राजधानी पेरिस में नए साल की पूर्वसंध्या का जश्न 2024 पेरिस ओलंपिक खेलों पर केंद्रित रहा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि नया वर्ष सभी लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाए।